- पर्यटकों तक भी कोरियर से पहुंचाए जा रहे फोन, टिहरी पुलिस की संवेदनशील पहल की सराहना
नई टिहरी। टिहरी पुलिस का ‘मिशन मुस्कान’ इस बार 147 परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लौटाने में सफल रहा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के नेतृत्व में पुलिस ने वर्ष 2026 के दौरान आधुनिक तकनीक और प्रभावी पुलिसिंग के दम पर 147 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 25 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर दर्ज 46 मोबाइल फोन विभिन्न राज्यों से ट्रेस कर बरामद किए गए, जबकि 101 मोबाइल स्थानीय लोगों और टिहरी घूमने आए पर्यटकों के थे। पुलिस ने सभी मोबाइल उनके असली मालिकों तक पहुंचाकर ईमानदार और संवेदनशील पुलिसिंग का उदाहरण पेश किया।
मोबाइल वापस मिलने पर कई लोगों की आंखें नम हो गईं। लोगों ने कहा कि मोबाइल के साथ उनकी यादें, जरूरी दस्तावेज, तस्वीरें और महत्वपूर्ण संपर्क भी लौट आए हैं। जिन पर्यटकों के मोबाइल बरामद हुए और वे अपने राज्यों को लौट चुके हैं, उन्हें पुलिस कोरियर के माध्यम से मोबाइल भेज रही है, जिसकी लोगों ने खुलकर सराहना की।
एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध नियंत्रण नहीं, बल्कि जनता का भरोसा जीतना भी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत नजदीकी थाने में सूचना दें और सीईआईआर पोर्टल पर मोबाइल ब्लॉक कराएं, ताकि उसके दुरुपयोग को रोका जा सके और बरामद होने की संभावना बढ़ सके।

