देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ऋषिकेश में बिना स्वीकृत मानचित्र के बनाए जा रहे एक भवन को सील कर दिया। वहीं देहरादून के राजपुर, जाखन, पुरकुल, डीआईटी मालसी समेत विभिन्न क्षेत्रों में निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित लोगों को चेतावनी दी गई और नियमानुसार कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत ऋषिकेश के निर्मल ब्लॉक-बी, द गंगाज के निकट बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण को सील किया गया। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर और पुलिस बल मौजूद रहा।
इधर संयुक्त सचिव गौरव चटवाल के नेतृत्व में राजपुर, जाखन, पुरकुल और मालसी क्षेत्रों में निर्माणाधीन भवनों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान स्वीकृत मानचित्रों का वास्तविक निर्माण से मिलान किया गया। कई स्थानों पर दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, जबकि मानचित्र के विपरीत निर्माण मिलने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए।
उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि विकास प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। भवन निर्माण शुरू करने से पहले सभी आवश्यक स्वीकृतियां लेना अनिवार्य है। वहीं एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि निर्माण गतिविधियों की लगातार निगरानी की जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

