- एडीएम शैलेन्द्र सिंह नेगी ने गैस एजेंसियों की समीक्षा कर दिए निर्देश, ऑनलाइन बुकिंग से सिलेंडर वितरण और गैस वितरण रोस्टर का पालन सुनिश्चित करने को कहा
टिहरी गढ़वाल, 17 अक्टूबर। जनपद टिहरी गढ़वाल में गैस उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने गैस एजेंसियों को गांव-गांव में शिविर लगाकर शत-प्रतिशत उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में लापरवाही बरतने वाली एजेंसियां अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाएं, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
शनिवार को अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जनपद की गैस एजेंसियों द्वारा किए जा रहे ई-केवाईसी कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान प्रत्येक एजेंसी की प्रगति का अलग-अलग आकलन किया गया। जिन एजेंसियों की प्रगति धीमी पाई गई, उन्हें कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समयावधि के भीतर लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
छह माह से गैस बुकिंग नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं का मांगा ब्योरा
बैठक में ऑनलाइन गैस बुकिंग की स्थिति की भी समीक्षा की गई। एडीएम ने गैस एजेंसियों को पिछले छह माह से गैस सिलेंडर की बुकिंग नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं का विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
रोस्टर के अनुसार होगा गैस वितरण
गैस वितरण व्यवस्था को व्यवस्थित बनाने के लिए एडीएम ने सभी एजेंसियों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार सिलेंडर वितरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित क्षेत्रों में गैस वितरण की तिथि और समय की सूचना पहले से प्रसारित की जाए, जिससे उपभोक्ताओं को समय पर जानकारी मिल सके और उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
उन्होंने गैस वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से सिलेंडर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
घटतौली और अनियमितता पर होगी सख्त कार्रवाई
अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि गैस सिलेंडरों की घटतौली अथवा वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी गैस एजेंसियों को अपनी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल सहित विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रबंधक वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।


