- बेकरी हिल के पास देर शाम हुई घटना से मची अफरा-तफरी, पुलिस, फायर सर्विस और वन विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर हटाया पेड़; लगातार बारिश के बीच जर्जर पेड़ों को लेकर बढ़ी चिंता।
मसूरी।लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार देर शाम मसूरी के अपर माल रोड स्थित बेकरी हिल के पास एक विशाल पेड़ अचानक भरभराकर सड़क पर गिर पड़ा। पेड़ की चपेट में सड़क किनारे खड़ी एक कार और तीन स्कूटी आ गईं। संयोगवश हादसे के समय किसी भी वाहन में कोई सवार मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
पेड़ गिरते ही अपर माल रोड पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस, फायर सर्विस और वन विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। संयुक्त अभियान चलाकर कटर मशीन की सहायता से पेड़ को काटकर हटाया गया, जिसके बाद यातायात को सुचारु किया गया।
फायर सर्विस अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस और वन विभाग के समन्वय से त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही समय में सड़क से पेड़ हटाकर मार्ग खोल दिया गया।
वन विभाग के वन दरोगा अभिषेक सजवाण ने बताया कि लगातार बारिश के कारण कई पुराने और जर्जर पेड़ गिरने की स्थिति में पहुंच गए हैं। विभाग ऐसे पेड़ों का सर्वे कर उन्हें चिन्हित कर रहा है। आवश्यकता के अनुसार उनकी लॉपिंग और जोखिम वाले पेड़ों को हटाने की कार्रवाई भी लगातार की जा रही है।
उन्होंने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अपील की कि बारिश के दौरान पेड़ों और पहाड़ी ढलानों के आसपास वाहन खड़े न करें तथा केवल सुरक्षित स्थानों पर ही पार्किंग करें। प्रशासन ने भी मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

