Ad image

जन्म से स्कूल पासआउट तक बच्चों की होगी डिजिटल ट्रैकिंग, उत्तराखंड में बनेगा यूनिफाइड स्मार्ट प्लेटफॉर्म

Pahad Vaarta
2 Min Read
  • मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन के निर्देश: आभा और अपार आईडी को जोड़कर तैयार होगा एकीकृत सिस्टम, टीकाकरण से लेकर शिक्षा और स्वास्थ्य का पूरा रिकॉर्ड रहेगा ऑनलाइन

देहरादून| उत्तराखंड में बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग को प्रदेश के प्रत्येक बच्चे की जन्म से लेकर विद्यालय से पासआउट होने तक की सम्पूर्ण गतिविधियों की डिजिटल ट्रैकिंग और मैपिंग के लिए एकीकृत प्लेटफॉर्म विकसित करने के निर्देश दिए हैं।

बुधवार को सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि वर्तमान में आभा आईडी और अपार आईडी के माध्यम से स्वास्थ्य एवं शिक्षा संबंधी जानकारी दर्ज की जा रही है। अब इन दोनों प्रणालियों को और अधिक उन्नत बनाकर ऐसा स्मार्ट मैकेनिज्म तैयार किया जाए, जिससे बच्चे के जन्म, टीकाकरण, आंगनबाड़ी प्रवेश, विद्यालय में नामांकन और शैक्षणिक उपलब्धियों तक का पूरा रिकॉर्ड एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहे।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नई व्यवस्था में अभिभावकों को समय-समय पर एसएमएस अलर्ट भी भेजे जाएं, ताकि टीकाकरण, आंगनबाड़ी और विद्यालय प्रवेश जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं की जानकारी उन्हें स्वतः प्राप्त होती रहे। साथ ही संबंधित विभाग भी बच्चों की प्रगति और आवश्यक सेवाओं की निगरानी कर सकें।

बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, एनआईसी और आईटीडीए के अधिकारियों को संयुक्त रूप से विचार-विमर्श कर जल्द एक प्रभावी डिजिटल प्लेटफॉर्म का खाका तैयार करने के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने इस विषय पर शीघ्र पुनः समीक्षा बैठक आयोजित करने के भी निर्देश दिए।

Share This Article
Leave a Comment