उत्तरकाशी। हर्षिल क्षेत्र में चल रहे बाढ़ सुरक्षात्मक कार्यों का अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र ने रविवार को स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को मानसून के मद्देनजर सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
एडीएम ने कहा कि मानसून के दौरान नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में बाढ़ सुरक्षा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने नदी के तेज बहाव से हो रहे भूमि कटाव को रोकने के लिए सुरक्षात्मक कार्यों में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्थानीय बस्तियों और क्षेत्र में स्थित होटलों की सुरक्षा हर हाल में सुनिश्चित की जाए। साथ ही कार्यदायी संस्था को मौके पर नियमित मॉनिटरिंग बढ़ाने और निर्धारित समय के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में किसी भी संभावित खतरे से लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता सचिन सिंघल, पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी तथा स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद रहे।

