- सुवाखोली और किंगरेट पिक्चर पैलेस मार्ग पर नियमों के उल्लंघन पर चला प्राधिकरण का डंडा
मसूरी। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को मसूरी क्षेत्र में दो भवनों को सील कर दिया। सुवाखोली और किंगरेट पिक्चर पैलेस मार्ग पर स्वीकृत मानचित्र के विपरीत एवं बिना वैधानिक अनुमति किए जा रहे निर्माणों पर प्रवर्तन टीम ने कार्रवाई करते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि नियमों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रवर्तन टीम ने सबसे पहले चंबा-टिहरी मोटर मार्ग स्थित सुवाखोली क्षेत्र में विनोद बिष्ट द्वारा कराए जा रहे निर्माण का निरीक्षण किया। जांच में निर्माण स्वीकृत मानचित्र के विपरीत पाए जाने पर भवन को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। इसके बाद टीम ने किंगरेट पिक्चर पैलेस मार्ग पर सुसमा जैसवाल के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया, जहां वैधानिक नियमों का उल्लंघन मिलने पर उसे भी सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल तैनात रहा और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
एमडीडीए अधिकारियों ने बताया कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों पर लगातार नजर रखी जा रही है। बिना स्वीकृति निर्माण अथवा स्वीकृत मानचित्र से हटकर किए जा रहे कार्यों पर तत्काल जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मसूरी जैसे संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्र में सुरक्षित, सुनियोजित और पर्यावरण-अनुकूल विकास सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। बिना अनुमति या नियमों के विपरीत किए जाने वाले निर्माण जनसुरक्षा और शहरी व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती हैं। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी तथा सीलिंग, ध्वस्तीकरण सहित सभी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने नागरिकों से अपील की कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले आवश्यक स्वीकृतियां अवश्य प्राप्त करें और स्वीकृत मानचित्र के अनुसार ही निर्माण कराएं, ताकि अनावश्यक कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।
सीलिंग अभियान के दौरान सहायक अभियंता अजय मलिक, अवर अभियंता अनुराग नौटियाल, सुपरवाइजर और पुलिस बल मौजूद रहे।

