- गंभीर घायलों को एक लाख और सामान्य घायलों को 40 हजार रुपये तक की आर्थिक मदद; मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों को बेहतर उपचार और अधिकारियों को शीघ्र राहत राशि देने के निर्देश दिए
ऋषिकेश/टिहरी गढ़वाल। टिहरी गढ़वाल के गूलर घाटी क्षेत्र में हुए दर्दनाक बस हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को एम्स ऋषिकेश पहुंचकर उपचाराधीन घायलों का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने घायलों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से घायलों की स्वास्थ्य स्थिति और उपचार की प्रगति की जानकारी लेते हुए बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा
मुख्यमंत्री ने बस दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल लोगों को एक लाख रुपये और सामान्य रूप से घायलों को 40 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल और संभागीय परिवहन अधिकारी, देहरादून को निर्देशित किया कि प्रभावितों को राहत राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाए, ताकि दुर्घटना से प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता मिल सके।
घायलों के उपचार में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी घायलों को समुचित और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उपचार में किसी भी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायलों के इलाज और प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद सुनिश्चित करने को कहा।
दुख की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ सरकार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार इस दुखद दुर्घटना से प्रभावित लोगों और उनके परिजनों के साथ खड़ी है। सरकार की प्राथमिकता घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देना है।
उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी मौजूद रहे।


