- 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले में बोले मुख्यमंत्री—स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता, पलायन रोकने और स्वरोजगार बढ़ाने पर जोर
गौचर (चमोली)। उत्तराखंड की ऐतिहासिक व्यापारिक परंपरा और समृद्ध लोक संस्कृति के प्रतीक 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधिवत पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित कर सात दिवसीय मेले का उद्घाटन किया। गौचर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। उन्होंने मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उत्तराखंड की लोक परंपराओं के रंग बिखेरे।
1943 से जुड़ा है गौचर मेले का इतिहास
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, व्यापारिक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का जीवंत प्रतीक है। वर्ष 1943 में भोटिया व्यापार मेले के रूप में शुरू हुआ यह आयोजन कभी भारत-तिब्बत व्यापार का महत्वपूर्ण केंद्र हुआ करता था। यहां ऊन, पश्मीना, जड़ी-बूटियों और स्थानीय उत्पादों का कारोबार होता था। समय के साथ मेले का स्वरूप विस्तृत हुआ और आज यह औद्योगिक विकास, व्यापार तथा लोक संस्कृति को बढ़ावा देने वाला प्रमुख आयोजन बन गया है।
स्थानीय उत्पादों को मिलेगा बड़ा बाजार
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, छोटे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का महत्वपूर्ण अवसर देता है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को आगे बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने कहा कि चमोली के ऊनी हस्तशिल्प, राजमा, मंडुवा, झंगोरा, शहद, दालों और जड़ी-बूटियों जैसे स्थानीय उत्पादों को देश-दुनिया के बड़े बाजारों तक पहुंचाने के लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस ब्रांड का कारोबार छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। यह प्रदेश की महिलाओं की मेहनत, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तीकरण का भी प्रतीक है।
गांवों में रोजगार और स्वरोजगार बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि युवाओं को अपने ही गांव और क्षेत्र में रोजगार के पर्याप्त अवसर मिलें। कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देकर स्थानीय लोगों की आय बढ़ाने और मजबूरी में होने वाले पलायन को रोकने की दिशा में काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पर्यटन नीति, होमस्टे नीति, फिल्म नीति और सौर स्वरोजगार योजना जैसी पहल के माध्यम से प्रदेश में रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक उत्पादों को आर्थिक विकास से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
बदरीनाथ और रेल कनेक्टिविटी से विकास को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि चमोली जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। चारधाम सड़क परियोजना के माध्यम से बदरीनाथ धाम तक सड़क संपर्क बेहतर बनाया जा रहा है, जबकि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर भी कार्य जारी है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र की कनेक्टिविटी, पर्यटन गतिविधियों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने सीमांत गांवों को देश के अंतिम गांव के बजाय प्रथम गांव के रूप में विकसित करने की प्रधानमंत्री की सोच का उल्लेख करते हुए कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार सरकार के प्रमुख लक्ष्यों में शामिल है।
सिमली अस्पताल और प्रेस क्लब भवन पर भी दिया आश्वासन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने सिमली अस्पताल से जुड़े विषय के समाधान के लिए शीघ्र कमेटी गठित कर संबंधित पक्षों को सुनने के निर्देश देने की बात कही। वहीं, प्रेस क्लब भवन के निर्माण के लिए स्थानीय स्तर पर उपयुक्त भूमि चयनित करने का आग्रह करते हुए इस संबंध में सकारात्मक आश्वासन दिया।
दो पेयजल योजनाओं का लोकार्पण
गौचर मेले के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री ने पेयजल सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण से जुड़ी दो योजनाओं का लोकार्पण किया।
- गौचर नगरीय पेयजल योजना: अमृत 2.0 के अंतर्गत ₹32.45 करोड़ की स्वीकृत लागत से निर्मित योजना।
- गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना: ₹459.32 लाख की लागत से पेयजल व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्य।
इन योजनाओं से संबंधित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
पत्रकारिता और साहित्य की विभूतियां सम्मानित
मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए चमोली के ग्राम बमोथ निवासी वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को ‘गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026’ से सम्मानित किया। वहीं, देहरादून के बिनसर पब्लिकेशन से जुड़े वरिष्ठ लेखक एवं प्रकाशक कीर्ति नवानी को ‘पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026’ प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने दोनों सम्मानित व्यक्तित्वों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय परंपराओं और जनभावनाओं के संरक्षण के साथ विकास कार्यों को गति देने का संकल्प दोहराया। उन्होंने क्षेत्रवासियों को गौचर मेले की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, विभिन्न दर्जाधारी राज्य मंत्री, जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अन्य अधिकारी, पत्रकार, व्यापारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


