- गांधी पार्क में अमर शहीद की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, जौनसार-बावर के युवाओं से वीर केसरी चंद के त्याग और साहस से प्रेरणा लेने की अपील
देहरादून। आजाद हिंद फौज के अमर शहीद वीर केसरी चंद की जयंती पर रविवार को गांधी पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने वीर केसरी चंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और देश की आजादी के लिए उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया।
समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के जौनसार-बावर क्षेत्र में जन्मे वीर केसरी चंद नेताजी सुभाष चंद्र बोस से प्रेरित होकर आजाद हिंद फौज में शामिल हुए थे। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। मात्र 24 वर्ष की आयु में तीन मई 1945 को फांसी पर चढ़कर वह अमर शहीद हो गए।
युवाओं से वीर केसरी चंद के जीवन से प्रेरणा लेने की अपील
मंत्री खजान दास ने कहा कि वीर केसरी चंद का जीवन देशभक्ति, त्याग, पराक्रम और अदम्य साहस का प्रतीक है। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे वीर केसरी चंद के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठा से निर्वहन करें।
आयोजन समिति ने रखी दो प्रमुख मांगें
कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति ने समाज कल्याण मंत्री के समक्ष आयोजन के लिए निःशुल्क मैदान उपलब्ध कराने और 10 लाख रुपये की सरकारी सहायता देने की मांग रखी।
इस पर मंत्री खजान दास ने आयोजकों को आश्वस्त किया कि वह इन मांगों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष रखेंगे और इनके लिए स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध करेंगे।
कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष रणबीर सिंह तोमर सहित जौनसार-बावर क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


