- नई दिल्ली में हुई शिष्टाचार मुलाकात, भगवान श्रीकृष्ण की तपस्थली सेम-मुखेम धाम की धार्मिक महत्ता से कराया परिचित; तीन साल में लगता है भव्य त्रैवार्षिक मेला
नई टिहरी। उत्तराखंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सेम-मुखेम धाम को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में जड़ी-बूटी सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण ने पहल की है। उन्होंने नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें टिहरी जिले की प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध सेम-मुखेम धाम का प्रसाद भेंट किया। साथ ही उन्हें उत्तर द्वारिका के नाम से विख्यात इस पवित्र धाम के दर्शन के लिए आमंत्रित भी किया।
मुलाकात के दौरान सोना सजवाण ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को सेम-मुखेम धाम की धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्ता से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण की तपस्थली के रूप में प्रसिद्ध इस धाम में उत्तराखंड के अलावा देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। यह स्थल आस्था और धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से विशेष महत्व रखता है।
राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की पहल
सोना सजवाण ने कहा कि सेम-मुखेम धाम की विशिष्ट धार्मिक पहचान और महत्ता को व्यापक स्तर पर प्रचारित करने की आवश्यकता है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष से अपने व्यस्त कार्यक्रम में से समय निकालकर धाम पहुंचने का अनुरोध किया। उनके अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष के सेम-मुखेम आगमन से इस धार्मिक स्थल को देशभर में नई पहचान मिल सकती है और क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
हर तीन साल में लगता है त्रैवार्षिक मेला
टिहरी जिले के प्रतापनगर क्षेत्र में स्थित सेम-मुखेम धाम में प्रत्येक तीन वर्ष में त्रैवार्षिक मेले का आयोजन किया जाता है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं। सोना सजवाण ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को इस मेले और धाम की धार्मिक परंपराओं से भी परिचित कराया तथा उन्हें यहां आने का निमंत्रण दिया।
धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र सेम-मुखेम धाम के प्रचार-प्रसार और पहचान को व्यापक बनाने के उद्देश्य से हुई इस मुलाकात को क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।
फोटो कैप्शन: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को सेम-मुखेम धाम का प्रसाद भेंट करतीं राज्यमंत्री सोना सजवाण।


