- खेल आयोजन, खिलाड़ियों के भोजन और यात्रा पर खर्च होंगे करोड़ों रुपये; राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों के पुराने बिलों के भुगतान की भी व्यवस्था
देहरादून, 13 अक्टूबर। उत्तराखंड में विद्यालयी शिक्षा विभाग के अंतर्गत आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने प्रतियोगिताओं के आयोजन और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 2.50 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। इन प्रतियोगिताओं में 10 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं के प्रतिभाग करने की उम्मीद है।
स्वीकृत बजट से खिलाड़ियों के भोजन, यात्रा, खेल सुविधाओं और प्रतियोगिताओं के आयोजन पर खर्च किया जाएगा। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 में राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों के खर्च के लंबित बिलों के भुगतान की भी व्यवस्था की गई है।
खेल सुविधाओं के लिए 1.35 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए राज्य स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन और खिलाड़ियों की सुविधाओं के लिए जनपदवार 1 करोड़ 35 लाख 60 हजार रुपये आवंटित किए गए हैं। वहीं, पिछले वित्तीय वर्ष में राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों पर हुए खर्च के भुगतान के लिए 1 करोड़ 11 लाख रुपये की व्यवस्था की गई है।
प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए 30 लाख 60 हजार रुपये, खिलाड़ियों के भोजन के लिए 55 लाख रुपये और यात्रा व्यय के लिए 50 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। शेष धनराशि खेल प्रतियोगिताओं का वार्षिक कैलेंडर जारी होने के बाद आवंटित की जाएगी।
टिहरी को 7.63 लाख, देहरादून को 16.88 लाख रुपये
राज्य स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए विभिन्न जनपदों को बजट आवंटित किया गया है। जनपदवार स्वीकृत धनराशि इस प्रकार है—
- अल्मोड़ा — 10,42,500 रुपये
- बागेश्वर — 7,79,400 रुपये
- चमोली — 10,65,600 रुपये
- चंपावत — 9,28,800 रुपये
- देहरादून — 16,88,000 रुपये
- हरिद्वार — 7,08,200 रुपये
- नैनीताल — 13,26,000 रुपये
- पौड़ी — 12,74,300 रुपये
- पिथौरागढ़ — 8,32,100 रुपये
- रुद्रप्रयाग — 5,20,600 रुपये
- टिहरी गढ़वाल — 7,63,500 रुपये
- ऊधम सिंह नगर — 19,33,000 रुपये
- उत्तरकाशी — 6,98,000 रुपये
राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रतिभा दिखाने का मिलेगा अवसर
शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बजट स्वीकृत होने से विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन में सुविधा होगी और खिलाड़ियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा सकेंगे। इससे छात्र-छात्राओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने तथा राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के अवसर मिलेंगे।
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध: धन सिंह रावत
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के विद्यार्थियों को विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा निखारने के पर्याप्त अवसर मिलें।
उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए 2.50 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। प्रतियोगिताओं के आयोजन और खिलाड़ियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने में बजट की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।


