- पेयजल, बिजली, मुआवजे और भूमि विवाद से जुड़े मामले उठे; सड़क मरम्मत, क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार और दाखिल-खारिज के मामलों में कार्रवाई के निर्देश
नई टिहरी, 12 अक्टूबर। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर सोमवार को जिला सभागार, नई टिहरी में प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में जनता दरबार आयोजित किया गया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं। जनता दरबार में कुल 21 आवेदन प्राप्त हुए, जो पेयजल, विद्युत, मुआवजा, पेंशन सहित विभिन्न विषयों से संबंधित थे।
प्रभारी जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि जिन मामलों का समाधान हो चुका है, उन्हें तत्काल पोर्टल पर अपडेट किया जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
सड़क मरम्मत और डेंजर जोन ठीक कराने की मांग
नगर पालिका टिहरी के वार्ड संख्या आठ की सदस्य प्रीति पोखरियाल ने वार्ड में सड़कों की मरम्मत कराने और विभिन्न स्थानों पर बने डेंजर जोन को दुरुस्त करने की मांग उठाई। इस पर सीडीओ ने लोक निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वहीं, ग्राम बेरनी निवासी मनेन्द्र सिंह नेगी ने प्राथमिक विद्यालय की क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार की मरम्मत कराने की मांग रखी। मामले में जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
पांच महीने से सुरक्षा दीवार की मरम्मत का इंतजार
विकासखंड चंबा के ग्राम काण्डा निवासी कान सिंह पुंडीर ने शिकायत की कि पेयजल लाइन बिछाने के लिए की गई खुदाई के कारण उनके घर की सुरक्षा दीवार ढह गई थी। आरोप है कि पांच महीने बीतने के बाद भी सुरक्षा दीवार की मरम्मत नहीं कराई गई। इस पर सीडीओ ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वर्षों से लंबित दाखिल-खारिज का मामला उठा
तहसील मदन नेगी के ग्राम पाचरी निवासी जेठू राम, सुरेन्द्र दत्त, खिमानंद और रविन्द्र दत्त ने बताया कि उनके पिता की मृत्यु के बाद वर्ष 2017 में उनकी माता का भी निधन हो गया था, लेकिन इसके बावजूद भूमि का दाखिल-खारिज अब तक नहीं हो पाया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ ने तहसीलदार को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बौराड़ी में अवैध निर्माण और सड़क संकरी होने की शिकायत
बौराड़ी बस स्टैंड स्थित दुकान संख्या एस-38 के संचालक मोहम्मद शहजाद ने शिकायत की कि उनकी दुकान के समीप की भूमि से अतिक्रमण हटाने के बाद उसे भवन निर्माण के लिए एक पात्र व्यक्ति को आवंटित किया गया था। आरोप है कि संबंधित व्यक्ति ने भूमि किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी और अब बिना मानचित्र स्वीकृत कराए भवन निर्माण कराया जा रहा है, जिससे सड़क भी संकरी हो गई है।
इस पर सीडीओ ने प्रभारी अधिकारी पुनर्वास को मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पानी की टंकी से घर की दीवारों में रिसाव की शिकायत
बौराड़ी स्थित पीआईसी की प्रधान सहायक नीलम ममगाईं ने शिकायत की कि उनके आवास संख्या ई-3 के पड़ोसी ने छत पर पानी की टंकी लगा रखी है, जिससे उनके घर की दीवारों में पानी का रिसाव हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि टंकी हटाने की बात कहने पर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
सीडीओ ने मामले का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के लिए नगर पालिका परिषद नई टिहरी के अधिशासी अधिकारी, सीओ टिहरी और प्रभारी अधिकारी पुनर्वास को निर्देशित किया।
अधिकारियों को शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई के निर्देश
जनता दरबार में सीडीओ ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि शिकायतों को लंबित न रखा जाए और प्रत्येक मामले में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता, जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


