- थत्यूड़ में सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रतियोगिताएं आयोजित, जूनियर वर्ग में राधिका और सीनियर वर्ग में दीपक रावत रहे प्रथम
थत्यूड़/टिहरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत राजकीय इंटर कॉलेज थत्यूड़, जौनपुर में शनिवार को ‘मेरे सपनों का विकसित भारत’ विषय पर भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का केंद्रबिंदु ‘पच्चीस करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ रहा। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विकसित भारत की परिकल्पना को लेकर अपने विचारों और कल्पनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, तकनीक, नवाचार और देश के उज्ज्वल भविष्य जैसे विषयों पर विद्यार्थियों ने अपनी सोच साझा की। प्रतियोगिता ने छात्र-छात्राओं को अपनी रचनात्मकता और अभिव्यक्ति क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर दिया।
प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में कक्षा सात की राधिका ने प्रथम, कक्षा सात की आस्था ने द्वितीय तथा कक्षा छह की आस्था ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर वर्ग में कक्षा 12 के दीपक रावत प्रथम, शुभम रावत द्वितीय और अमन तृतीय स्थान पर रहे।
इस दौरान शनिवार को आयोजित होने वाली बाल शाखा की विभिन्न प्रतियोगिताएं भी कराई गईं। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, अभिव्यक्ति क्षमता और विकसित भारत को लेकर उनकी कल्पनाओं को मंच प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम में कला अध्यापक मनोज कुमार, भारत स्काउट एवं गाइड के जौनपुर ब्लॉक सचिव एवं बाल सखा प्रभारी मदन मोहन सेमवाल, सह प्रभारी बाल सखा रीता नेगी, प्रभारी प्रधानाचार्य शहजाद अली खान, जीव विज्ञान प्रवक्ता विमल नौटियाल सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


