- हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर ग्रामीणों ने मांगी सुख-समृद्धि की कामना, सामाजिक कार्यकर्ता अनिल हटवाल बोले—युवाओं को अपनी संस्कृति, बोली और भाषा से जोड़ना जरूरी
थत्यूड़/सकलाना। सकलाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत हटवाल गांव में मंगलवार को हनुमान मंदिर परिसर में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान युवाओं और ग्रामीणों ने श्रद्धाभाव के साथ हनुमान जी की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र एवं गांव की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की। धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देते हुए युवाओं ने मंदिर परिसर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने का संकल्प भी लिया।
सामाजिक कार्यकर्ता अनिल हटवाल ने कहा कि धार्मिक आस्थाओं और सनातन संस्कृति के प्रति नई पीढ़ी को जागरूक करना आज बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि वीर हनुमान भगवान श्रीराम के अनन्य भक्त और समर्पण के प्रतीक हैं। हनुमान जी जैसा भक्ति, सेवा और समर्पण का भाव हर किसी के लिए प्रेरणादायक है।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में बच्चे और युवा मोबाइल फोन तथा ऑनलाइन गेम्स में अधिक समय बिता रहे हैं। ऐसे में उन्हें अपनी सनातन संस्कृति, परंपराओं, बोली और भाषा से जोड़ना समय की जरूरत है, ताकि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित रह सके।
अनिल हटवाल ने कहा कि हनुमान चालीसा के नियमित पाठ से मन में सकारात्मक ऊर्जा और आत्मबल का संचार होता है। उन्होंने कहा कि “संकट कटे मिटे सब पीरा, जो सुमिरै हनुमत बलबीरा” की भावना के साथ हनुमान जी का स्मरण मनुष्य को कठिन परिस्थितियों में साहस और शक्ति प्रदान करता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारे लगाए तथा हनुमान जी का आशीर्वाद सभी पर बना रहने की कामना की।
सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं स्वच्छता अभियान में अर्जुन, महेश, कमान, प्रियाशी, सोनिका, नीतिन, आयुष, अंकित, अरुण, मीरा, गौरव, सारिका, ईशांत, दीपक, सौरभ, दिव्यांश सहित कई युवा एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।




