- चित्रकला, रंगोली, पोस्टर, प्रश्नोत्तरी और निबंध प्रतियोगिताओं के साथ निकली तिरंगा यात्रा; स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और राष्ट्रीय एकता का दिया संदेश
थत्यूड़। राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ में हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत 9 से 15 अगस्त तक राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय चेतना से ओतप्रोत विभिन्न कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. आदित्य कुमार मौर्य के संरक्षण एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. उर्वशी पंवार के संयोजन में आयोजित सप्ताहभर के कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
अभियान का शुभारंभ तिरंगे से प्रेरित कलाकृतियों के चित्रण से हुआ। विद्यार्थियों ने तिरंगे के तीनों रंगों और राष्ट्रीय भावना को अपनी कलात्मक अभिव्यक्तियों के माध्यम से प्रस्तुत किया। इस दौरान डॉ. अंजना नौटियाल एवं डॉ. कुंवर सिंह ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम और देश के वीरों से संबंधित लघु फिल्म दिखाकर राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया।
10 अगस्त को तिरंगे से प्रेरित रंगोली प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने केसरिया, श्वेत और हरित रंगों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता एवं सांस्कृतिक विविधता को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में ए ग्रुप ने प्रथम, डी ग्रुप ने द्वितीय और ई ग्रुप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
11 अगस्त को पेंटिंग एवं पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के गौरव को चित्रों के माध्यम से जीवंत किया। पोस्टर प्रतियोगिता में शीतल उनियाल प्रथम, दीपिका रावत द्वितीय और संध्या चमोली तृतीय स्थान पर रहीं।
12 अगस्त को स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान और राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ से संबंधित गतिविधियों ने महाविद्यालय परिसर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। वहीं 13 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों के भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय प्रतीकों और स्वतंत्रता संग्राम से संबंधित ज्ञान का परीक्षण किया गया।
14 अगस्त को निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण, नागरिक कर्तव्य, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। इसी दिन महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने तिरंगा यात्रा निकालकर राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति का संदेश दिया।
अभियान के समापन अवसर पर 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर निर्धारित समय पर ध्वजारोहण किया गया। पूरे महाविद्यालय परिसर में उत्साह, गौरव और राष्ट्रप्रेम का वातावरण दिखाई दिया।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार, सप्ताहभर चले इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें राष्ट्रध्वज के सम्मान, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, राष्ट्रीय एकता और नागरिक कर्तव्यों से जोड़ना था।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रभारी प्राचार्य डॉ. कनुप्रिया, संयोजक डॉ. उर्वशी पंवार सहित डॉ. शैलेंद्र कुमार, डॉ. कुंवर सिंह, डॉ. अखिल गुप्ता, डॉ. अंजना नौटियाल, डॉ. बिट्टू सिंह, डॉ. संगीता खड़वाल, डॉ. नीरज असवाल, डॉ. रविचंद्रा, डॉ. भारती नौटियाल सहित समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




