Ad image

कैबिनेट मंत्री खजान दास ने नदी किनारे बसे क्षेत्रों का लिया जायजा, लोगों से सतर्क रहने की अपील

Pahad Vaarta
2 Min Read
  • मन्नूगंज, रिस्पना और मोहिनी रोड क्षेत्र का किया निरीक्षण, अधिकारियों को आपदा से निपटने के लिए अलर्ट रहने के निर्देश

देहरादून। लगातार हो रही बारिश के बीच राजपुर रोड विधायक एवं कैबिनेट मंत्री खजान दास ने गुरुवार को मन्नूगंज, रिस्पना, मोहिनी रोड सहित नदी-नालों के किनारे बसे विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सतर्क रहने की अपील की।

निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने लोगों से किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के आपातकालीन परिचालन केंद्रों से तत्काल संपर्क बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान सावधानी और समय पर सूचना ही किसी भी बड़ी दुर्घटना को टाल सकती है।

खजान दास ने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून अवधि में पूरी सतर्कता के साथ कार्य करें और किसी भी आपदा या आपात स्थिति से निपटने के लिए हर समय तैयार रहें। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

मंत्री ने स्थानीय नागरिकों से नदी तट पर बने सुरक्षा पुस्तों की स्थिति, वर्षा से हुए नुकसान और संभावित संवेदनशील स्थलों की जानकारी भी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षा एवं मरम्मत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में क्षेत्रवासी सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। जनसेवा और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए वे चौबीसों घंटे उपलब्ध हैं।

इस अवसर पर गढ़वाल मंडल के निदेशक विशाल गुप्ता, भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, भाजपा महामंत्री अंकुर जैन सहित अनेक स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment