- ‘माय भारत’ एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पोस्टर, स्लोगन और कविता प्रतियोगिताओं में दिखाई प्रतिभा, प्राचार्य डॉ. आदित्य कुमार मौर्य ने नशे के दुष्परिणामों से कराया अवगत।
थत्यूड़। राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ में प्राचार्य डॉ. आदित्य कुमार मौर्य के संरक्षण एवं डॉ. उर्वशी पंवार के संयोजन में “विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के ‘माय भारत’ प्लेटफॉर्म के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से दूर रखते हुए उनके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य की रक्षा करना तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम के अंतर्गत 31 जुलाई 2026 को विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। पोस्टर प्रतियोगिता में शीतल ने प्रथम, काजल ने द्वितीय तथा अंजलि ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्लोगन प्रतियोगिता में साक्षी, राधिका और सोनाक्षी ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं कविता एवं काव्य पाठ प्रतियोगिता में काजल नौटियाल, खुशबू पंवार और बिजोतमा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से परिचित कराना तथा उन्हें मादक पदार्थों से दूर रहने के लिए प्रेरित करना था।
इसके उपरांत 1 अगस्त 2026 को महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत सामूहिक शपथ ली। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशीले पदार्थों से दूर रहेंगे तथा समाज को नशा मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
समापन अवसर पर प्राचार्य डॉ. आदित्य कुमार मौर्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और देश की सामाजिक एवं आर्थिक व्यवस्था को भी गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में डॉ. अंचला नौटियाल, डॉ. शीला बिष्ट, डॉ. भारती नौटियाल, डॉ. चंदा नौटियाल थपलियाल, डॉ. बिट्टू सिंह, डॉ. कनुप्रिया, डॉ. अखिल गुप्ता, डॉ. कुंवर सिंह, राकेश पैन्यूली, दीपक, रुक्मणी, सतपाल, गोपाल, सुभाष, महावीर सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




