- मानसून को लेकर प्रशासन अलर्ट, लंबित शिकायतों पर जताई नाराजगी; सड़क, पेयजल, आपदा सुरक्षा और टिहरी बांध मुआवजे से जुड़े मामलों पर अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के आदेश
नई टिहरी। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में लोगों की समस्याओं का अंबार देखने को मिला। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने एक-एक फरियादी की शिकायत सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में कुल 57 शिकायतें और मांग पत्र प्राप्त हुए।
डीएम ने इस दौरान सीएम हेल्पलाइन पर लंबित मामलों की साप्ताहिक समीक्षा करते हुए अधिकारियों को चेतावनी दी कि पुराने मामलों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
मानसून को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को मुख्यालय पर मौजूद रहने और 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। साथ ही जनता मिलन कार्यक्रम में सभी शिकायतों का दोपहर एक बजे तक अनिवार्य रूप से पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा।
जनता मिलन में जाखणीधार के कफलोग निवासी पुरुषोत्तम लाल ने आपदा के दौरान बनाई गई सुरक्षा दीवार के क्षतिग्रस्त होने से मकानों पर खतरे की शिकायत की। इस पर डीएम ने लोक निर्माण विभाग को मौके की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
नरेंद्रनगर क्षेत्र की सीता देवी ने सड़क का मलबा खेतों में आने और पुश्ता टूटने से पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने की शिकायत की। डीएम ने लोक निर्माण विभाग और जल संस्थान को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
टिहरी के गुनोगी गांव निवासी सुरती राम ने होटल के पास बने पुश्ते में दरारें आने और मलबा डंप होने से परिवार व मवेशियों की सुरक्षा को खतरा बताया। इस पर प्रशासन को वैकल्पिक आवासीय व्यवस्था सहित आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ क्षेत्र के लोगों ने टिहरी बांध में अधिग्रहित भूमि का मुआवजा अब तक नहीं मिलने का मामला उठाया, जिस पर डीएम ने टीएचडीसी और एसएलएओ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कीर्तिनगर के धारी गांव के ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन की लंबी पेयजल लाइन के कारण पानी की समस्या बताते हुए ट्यूबवेल लगाने की मांग की। जिलाधिकारी ने जल संस्थान को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, एसडीएम कमलेश मेहता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




