- डिजिटल शिक्षा, ई-गवर्नेंस, रिवर्स माइग्रेशन और स्मार्ट क्लास पर रहेगा फोकस, सामान्य बैठक में जनप्रतिनिधियों ने सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े अहम मुद्दे उठाए
बौराड़ी (टिहरी गढ़वाल)। टिहरी गढ़वाल के समग्र विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार बौराड़ी में जिला पंचायत की सामान्य बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण ने की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि केवल समस्याएं गिनाने से विकास नहीं होगा, बल्कि उनके समाधान के लिए ठोस रोडमैप बनाकर समयबद्ध तरीके से काम करना होगा।
बैठक में घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल समेत सभी जिला पंचायत सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, परिवहन, जल निगम, वन, जल संस्थान, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, विद्युत, समाज कल्याण और अन्य विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण ने कहा कि आने वाले समय में डिजिटल शिक्षा, स्मार्ट क्लास, ई-गवर्नेंस और रिवर्स माइग्रेशन को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने विभागों को तकनीक आधारित सेवाएं बढ़ाने, पारदर्शिता लाने और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को जनआंदोलन बनाने की अपील करते हुए प्रत्येक ग्राम पंचायत में डोर-टू-डोर जागरूकता अभियान चलाने तथा गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को मजबूती से रखा। जिला पंचायत सदस्य सुनील प्रसाद जुयाल ने क्षेत्रीय सड़कों के निर्माण, डामरीकरण, मलबा हटाने, सीएचसी कण्डीसौड़ में नियमित अल्ट्रासाउंड सेवा, पीएचसी भेण्डखाल में 108 एम्बुलेंस और जीआईसी भेण्डखाल में रसायन विज्ञान के शिक्षक की नियुक्ति की मांग उठाई।
जिला पंचायत सदस्य शैला रमोला ने वर्ष 2014 से स्वीकृत कोरड़ी-दुरांशखण्डा मोटर मार्ग का निर्माण शीघ्र शुरू कराने की मांग करते हुए कहा कि सड़क न होने से ग्रामीणों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
वहीं जिला पंचायत सदस्य आशीष जोशी ने पटूड़ी गांव में सामुदायिक भवन एवं शौचालय निर्माण, हम्माणी देवी मोटर मार्ग पर लगे अवैध बैरियर को हटाने तथा बुढ़ा-बुचन-बधाई पुल का अधूरा निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग रखी।
मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने सभी विभागों को जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में चंबा ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण, जौनपुर ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार, जिला पंचायत सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।




