- एमडीडीए के जनसंवाद अभियान में उमड़ी लोगों की भागीदारी, सड़क, ट्रैफिक, हरित क्षेत्र और भूमि उपयोग पर रखे अहम सुझाव | 21 जुलाई तक 12 सेक्टरों में चलेगी जनसुनवाई
देहरादून। राजधानी देहरादून के आने वाले 15 वर्षों की तस्वीर अब जनता की राय से तैयार होगी। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की महत्वाकांक्षी देहरादून महायोजना-2041 को अंतिम रूप देने के लिए चल रहे जनसंवाद अभियान में नागरिकों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। शुक्रवार को आयोजित जनसुनवाई में सेक्टर-05 के नागरिकों, भू-स्वामियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न हितधारकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर विकास से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव और आपत्तियां दर्ज कराईं।
जनसुनवाई के दौरान सड़क नेटवर्क को बेहतर बनाने, ट्रैफिक व्यवस्था, भूमि उपयोग, हरित क्षेत्रों के संरक्षण, सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार, आवासीय और व्यावसायिक विकास सहित कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। एमडीडीए के अधिकारियों ने प्रत्येक सुझाव को गंभीरता से सुना और उसका विधिवत अभिलेखीकरण किया।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून महायोजना-2041 केवल नक्शा नहीं, बल्कि आने वाले देहरादून का विजन डॉक्यूमेंट है। इसका उद्देश्य विकास, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक नागरिक सुविधाओं के बीच संतुलन स्थापित करते हुए एक सुनियोजित और टिकाऊ शहर का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि जनता की सक्रिय भागीदारी से यह योजना और अधिक व्यावहारिक तथा जनहितकारी बनेगी।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक सुझाव और आपत्ति का विशेषज्ञों द्वारा तकनीकी एवं विधिक परीक्षण कराया जाएगा। जो सुझाव व्यवहारिक और आवश्यक होंगे, उन्हें महायोजना में शामिल करने पर विचार किया जाएगा।
प्राधिकरण के अनुसार 6 जुलाई से शुरू हुआ जनसंवाद अभियान 21 जुलाई 2026 तक सभी 12 सेक्टरों में जारी रहेगा। अगले चरण में सेक्टर-06 के नागरिकों के लिए लकसूरिया फार्म, किशनपुर में जनसुनवाई शिविर आयोजित किया जाएगा। एमडीडीए ने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपने सुझाव देने की अपील की है।
अधिकारियों का कहना है कि स्थानीय जरूरतों और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए तैयार की जा रही देहरादून महायोजना-2041 भविष्य की चुनौतियों का समाधान करने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए एक बेहतर, व्यवस्थित और पर्यावरण अनुकूल शहर की मजबूत नींव साबित होगी।




