Ad image

आढ़त बाजार पुनर्विकास परियोजना को मिली रफ्तार, जून तक पूरे होंगे सभी लंबित कार्य

Pahad Vaarta
4 Min Read
  • एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी का अल्टीमेटम, प्रतिकर लेने के बाद कब्जा नहीं छोड़ने वालों पर चलेगा बुलडोजर | 18 करोड़ से शिफ्ट होंगी आधारभूत सुविधाएं

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की महत्वाकांक्षी आढ़त बाजार पुनर्विकास परियोजना अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने परियोजना के सभी लंबित कार्य जून 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य तय करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।

बुधवार को एमडीडीए सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली इस परियोजना में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि देहरादून की नई व्यापारिक पहचान का आधार बनने जा रही है।

रजिस्ट्री प्रक्रिया में आएगी तेजी

बैठक में लंबित रजिस्ट्रियों को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। एमडीडीए ने निर्णय लिया है कि प्रत्येक बुधवार और शनिवार को विशेष अभियान चलाकर रजिस्ट्री प्रक्रिया को गति दी जाएगी, ताकि प्रभावित परिवारों को समय पर राहत मिल सके।

जून तक पूरे होंगे निर्माण कार्य

उपाध्यक्ष ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि परियोजना से जुड़े सभी शेष निर्माण कार्य जून 2026 तक हर हाल में पूरे किए जाएं। इसके लिए नियमित स्थलीय निरीक्षण और साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट अनिवार्य की गई है।

18 करोड़ से हटेंगी बिजली लाइनें

परियोजना क्षेत्र में मौजूद विद्युत लाइनों और अन्य आधारभूत सुविधाओं के स्थानांतरण के लिए शासन स्तर से स्वीकृत करीब 18 करोड़ रुपये की धनराशि जल्द लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित की जाएगी। इससे परियोजना के अगले चरण को तेज गति मिलने की उम्मीद है।

कब्जा नहीं छोड़ा तो होगी सख्त कार्रवाई

बैठक में यह भी सामने आया कि कुछ लोगों ने प्रतिकर राशि लेने के बावजूद अब तक अपने निर्माण नहीं हटाए हैं। इस पर उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि ऐसे मामलों का वह स्वयं स्थलीय निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के बाद नियमों के तहत बलपूर्वक ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

आलयम आवासीय योजना पर भी फोकस

एमडीडीए ने आलयम आवासीय योजना की भी समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शेष निर्माण कार्य जून माह तक पूरे कर पात्र लाभार्थियों को जल्द कब्जा दिया जाए।

क्या बोले बंशीधर तिवारी?

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि आढ़त बाजार पुनर्विकास परियोजना को तय समयसीमा में पूरा करना एमडीडीए की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जून 2026 तक लंबित कार्य हर हाल में पूरे हों।

क्या बोले एमडीडीए सचिव?

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि परियोजना की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। विभागों के बीच समन्वय बढ़ाया गया है ताकि किसी भी स्तर पर बाधा उत्पन्न न हो और निर्धारित समयसीमा में सभी कार्य पूरे किए जा सकें।

राजधानी को मिलेगी नई पहचान

परियोजना पूरी होने के बाद देहरादून को आधुनिक और सुव्यवस्थित व्यापारिक केंद्र के रूप में नई पहचान मिलेगी। बेहतर यातायात व्यवस्था, आधुनिक सुविधाएं और व्यवस्थित व्यापारिक ढांचा इस परियोजना की प्रमुख उपलब्धियां होंगी।

 

Share This Article
Leave a Comment