- वन, महिला एवं बाल विकास, प्राविधिक शिक्षा और नगर नियोजन विभाग में मिली नियुक्ति, बोले सीएम- योग्यता और मेरिट ही सफलता का आधार
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्यसेवक सदन में आयोजित भव्य नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में 276 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नवचयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए इसे केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा के नए दायित्व की शुरुआत बताया।
नियुक्ति पाने वाले अभ्यर्थियों में वन विभाग के 109, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के 88, प्राविधिक शिक्षा विभाग के 65 तथा नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के 14 अभ्यर्थी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वर्षों की मेहनत, अनुशासन, संघर्ष और धैर्य के बाद युवाओं को यह सफलता मिली है, जो उनकी प्रतिभा, समर्पण और आत्मविश्वास का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह बनाया है। नकल माफियाओं और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए प्रदेश में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में लगभग 33 हजार युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं से जोड़ा गया है। अब प्रदेश में युवाओं की सफलता का आधार केवल उनकी योग्यता और मेरिट है।
उन्होंने नवचयनित कार्मिकों से ईमानदारी, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब व्यवस्था में योग्य और कर्मठ युवा शामिल होते हैं, तब विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के युवा प्रदेश के सुनियोजित विकास में योगदान देंगे, जबकि प्राविधिक शिक्षा विभाग से जुड़े कार्मिक तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास को नई दिशा प्रदान करेंगे। वहीं महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के कर्मचारी मातृ एवं बाल कल्याण योजनाओं को मजबूती देंगे तथा वन विभाग में चयनित युवा राज्य की वन संपदा और जैव विविधता संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी संकल्प के साथ उत्तराखंड सरकार भी विकसित उत्तराखंड के निर्माण हेतु निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आधारभूत संरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है, निवेश बढ़ रहा है और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं।
समारोह में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, डॉ. धन सिंह रावत, रेखा आर्या, खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सविता कपूर, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

