Ad image

पिथौरागढ़ फायर ब्रिगेड को मिले हाईटेक रेस्क्यू उपकरण, आपदा और हादसों में अब और तेज होगा बचाव अभियान

Pahad Vaarta
2 Min Read
  • जिलाधिकारी आशीष भटगांई की पहल पर फायर सर्विस को आधुनिक संसाधनों से किया गया सशक्त, आपात स्थितियों में राहत एवं बचाव कार्य होंगे अधिक प्रभावी

पिथौरागढ़। जनपद में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देश पर अग्निशमन विभाग (फायर ब्रिगेड) को अत्याधुनिक रेस्क्यू उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे आपदा और आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

 

फायर ब्रिगेड को उपलब्ध कराए गए आधुनिक उपकरण दुर्घटनाओं, आगजनी की घटनाओं, प्राकृतिक आपदाओं और अन्य आपात स्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए उपयोग किए जाएंगे। इन संसाधनों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान अधिक सुरक्षित, प्रभावी और समयबद्ध तरीके से संचालित किए जा सकेंगे।

 

जिला प्रशासन का मानना है कि आधुनिक तकनीक और संसाधनों से लैस फायर सर्विस टीम अब किसी भी संकट की स्थिति में पहले से अधिक तत्परता और दक्षता के साथ लोगों की सहायता कर सकेगी। साथ ही इन उपकरणों से फायर कर्मियों की सुरक्षा और कार्यकुशलता में भी वृद्धि होगी।

 

जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि जनसुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक संसाधन लगातार उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जनहानि और संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।

 

जनपद में फायर ब्रिगेड को आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों से सुसज्जित किया जाना आपदा प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे भविष्य में राहत एवं बचाव कार्यों को नई गति और मजबूती मिलेगी।

Share This Article
Leave a Comment