- छात्राओं को पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता और एनीमिया से बचाव की दी जानकारी, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर
पौड़ी गढ़वाल/यमकेश्वर:
महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, बिथ्याणी में “महिलाओं का स्वास्थ्य एवं स्वच्छता” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं क्षेत्र की महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना और स्वच्छता के महत्व को समझाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं स्वागत भाषण के साथ हुआ। कार्यशाला में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से आई मुख्य वक्ता डॉ. अंशिका नेगी (महिला चिकित्सा अधिकारी), डॉ. अजीत तिवारी (चिकित्सा अधिकारी) और नितिन शर्मा (नर्सिंग अधिकारी) ने छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
डॉ. अंशिका नेगी ने पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता, एनीमिया और व्यक्तिगत स्वास्थ्य देखभाल जैसे विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को नियमित स्वास्थ्य जांच और संतुलित आहार अपनाने की सलाह दी।
वहीं, डॉ. अजीत तिवारी ने संक्रमण से बचाव और स्वच्छ जीवनशैली अपनाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत स्तर तक सीमित नहीं, बल्कि सामुदायिक जिम्मेदारी भी है।
कार्यक्रम का आयोजन रेड क्रॉस सोसाइटी की नोडल अधिकारी पूजा रानी और वनस्पति विज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. हिमानी बडोनी के निर्देशन में किया गया। उनके नेतृत्व में कार्यशाला सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित हुआ, जिसमें छात्राओं ने खुलकर अपनी जिज्ञासाएं रखीं और विशेषज्ञों से समाधान प्राप्त किया। समापन प्रभारी प्राचार्य विनय कुमार पांडेय के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
मंच संचालन डॉ. नीरज नौटियाल ने किया। इस अवसर पर डॉ. उमेश त्यागी, डॉ. राम सिंह सामंत, सुनील प्रसाद, चेतन भट्ट, डॉ. मनवीर सिंह कंडारी, महेंद्र सिंह बिष्ट, उर्वशी जुयाल, नरेश राणा एवं बीना देवी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

