Ad image

प्रतिभाओं का सम्मान जरूरी: हटवाल गांव की बेटी आंचल ने 73% अंक से बढ़ाया मान

Pahad Vaarta
2 Min Read
  • ग्राम स्तर पर हुआ सम्मान समारोह, साधारण परिवार की बेटी बनी क्षेत्र की प्रेरणा | शिक्षिका बनने का सपना

📍थत्यूड़/सकलाना (टिहरी गढ़वाल):

प्रतिभाओं का सम्मान समाज को नई दिशा देता है। इसी क्रम में जौनपुर ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम पंचायत हटवाल गांव में उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्रा कु. आंचल को ग्राम स्तर पर सम्मानित किया गया। आंचल ने हाईस्कूल परीक्षा में 73 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल अपने विद्यालय, बल्कि पूरे गांव का नाम रोशन किया है।

राजकीय इंटर कॉलेज मरोड़ा की छात्रा आंचल एक सामान्य कृषक परिवार से आती हैं। उनके पिता भरत सिंह जहां खेती-बाड़ी से जुड़े हैं, वहीं माता सरोजनी देवी गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद आंचल ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल कर क्षेत्र की बेटियों के लिए एक मिसाल पेश की है।

सम्मान समारोह के दौरान आंचल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों और परिवारजनों को दिया। उन्होंने बताया कि उनका सपना भविष्य में शिक्षिका बनकर समाज की सेवा करना है।

इस अवसर पर समाजसेवी अनिल हटवाल ने कहा कि आंचल की उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और समाज को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने आंचल के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उनके परिजनों को भी बधाई दी।

Share This Article
Leave a Comment