- राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय हटवाल गांव में वृहद वृक्षारोपण अभियान, विद्यार्थियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
थत्यूड़/सकलाना। हरेला पर्व के अवसर पर राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय हटवाल गांव में “हर गांव का यही पैगाम, एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राओं ने वृहद वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती गुड्डी रौतेला ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी मां के सम्मान में एक-एक पौधा लगाने तथा उसके संरक्षण का संकल्प लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की धरोहर नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी हैं।
शिक्षिका अनिता उनियाल ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में वृक्षों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृ सम्मान का भी सशक्त माध्यम बनेगा।
समाजसेवी अनिल हटवाल ने बताया कि “एक पेड़ मां के नाम” भारत सरकार का राष्ट्रीय पौधारोपण अभियान है, जिसका उद्देश्य मातृ सम्मान के साथ पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाना है। उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति अपनी मां के नाम पौधा लगाता है, तो उस पौधे के प्रति उसका भावनात्मक जुड़ाव भी बढ़ता है और वह उसके संरक्षण के लिए अधिक जिम्मेदारी महसूस करता है।
इस अवसर पर शिक्षिका हेमा रावत सहित वशु उनियाल, दिव्या, दीपक, सौरभ, आरूषी, अनुराग, साक्षी, सारिका, अवंतिका तथा स्काउट-गाइड के अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




