- थत्यूड़ में नवनियुक्त अधिशासी अभियंता से मुलाकात कर उठाया सड़कों का मुद्दा, PWD बोला—प्राथमिकता के आधार पर होगी मरम्मत, 94 लाख का संशोधित प्रस्ताव फिर भेजा गया शासन को।
थत्यूड़। जौनपुर विकासखंड की बदहाल और क्षतिग्रस्त सड़कों को लेकर मंगलवार को उत्तराखंड सरकार की दर्जाधारी राज्य मंत्री गीता रावत ने लोक निर्माण विभाग (PWD) थत्यूड़ के नवनियुक्त अधिशासी अभियंता आदर्श गोपाल से मुलाकात कर जल्द मरम्मत की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि बरसात के बीच जर्जर सड़कें लोगों की जान के लिए खतरा बन चुकी हैं और विभाग को किसी बड़े हादसे का इंतजार नहीं करना चाहिए।
राज्यमंत्री ने बताया कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान अधिकांश प्रमुख मोटर मार्ग गड्ढों, धंसी सड़क और जलभराव की समस्या से जूझते मिले। इससे स्थानीय ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, मरीजों और वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ गई है।
उन्होंने रौतु की बेली मोटर मार्ग, थत्यूड़–मराड़ मार्ग, फेड़ी–कीमोड़ा मार्ग, दुर्गा पुल–ककरू मार्ग, भुयासारी मार्ग, थापला–अग्यारना मार्ग, मूंगलोड़ी मार्ग और सीएचसी ढाणा संपर्क मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने, गड्ढे भरने, जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने और आवश्यक सुरक्षा कार्य शुरू करने की मांग की।
PWD का आश्वासन—प्राथमिकता से होगा काम
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता आदर्श गोपाल ने कहा कि उन्होंने हाल ही में कार्यभार संभाला है। सभी क्षतिग्रस्त मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कराया जा रहा है और प्राथमिकता तय कर चरणबद्ध तरीके से मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सीएचसी ढाणा मार्ग पर गड्ढों की मरम्मत, नालियों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है। वहीं इस सड़क पर इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने के लिए 94 लाख रुपये का संशोधित प्रस्ताव दोबारा शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
अधिशासी अभियंता ने कहा कि बरसात को देखते हुए विभाग पूरी तरह अलर्ट है। संवेदनशील मार्गों पर जेसीबी मशीनें तैनात कर दी गई हैं और भूस्खलन या सड़क बंद होने की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल कर रही है।
बैठक के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील थपलियाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष अकबीर पंवार, सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ अध्यक्ष खेमराज भट्ट, ग्राम प्रधान सरदार सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।




