- बिना स्वीकृत मानचित्र बनाए जा रहे भवनों पर कार्रवाई, उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी बोले- नियोजित विकास से कोई समझौता नहीं, अभियान रहेगा लगातार जारी
देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार को हरिद्वार बाईपास और डोईवाला क्षेत्र में बिना अनुमति बनाए जा रहे तीन व्यावसायिक भवनों को सील कर दिया। प्राधिकरण ने साफ संदेश दिया कि शहर में बिना स्वीकृत मानचित्र और अनुमति के होने वाले निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
एमडीडीए की प्रवर्तन टीम ने सबसे पहले हरिद्वार बाईपास स्थित मुस्कान होटल वाली गली में नईम अहमद द्वारा कराए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण को सील किया। इसके बाद इसी क्षेत्र में आशिफ के निर्माणाधीन व्यावसायिक भवन पर भी कार्रवाई की गई। वहीं डोईवाला के कान्हरवाला-भानियावाला तिराहे पर नेत्रपाल सैनी के निर्माणाधीन व्यावसायिक भवन को भी सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान अभियंताओं, सुपरवाइजर और पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्वक संपन्न कराई गई।
एमडीडीए के अनुसार प्राधिकरण क्षेत्र में लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। जहां भी बिना स्वीकृति निर्माण की शिकायतें मिल रही हैं, वहां तत्काल कार्रवाई की जा रही है। प्राधिकरण का कहना है कि अवैध निर्माण शहर के मास्टर प्लान, यातायात, पार्किंग, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर अतिरिक्त दबाव डालते हैं।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून का विकास केवल नियोजित और नियमबद्ध तरीके से ही संभव है। बिना अनुमति होने वाले निर्माणों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से निर्माण शुरू करने से पहले आवश्यक स्वीकृतियां लेने की अपील की।
प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने भी स्पष्ट किया कि अवैध निर्माणों के खिलाफ सीलिंग और अन्य वैधानिक कार्रवाई भविष्य में भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि भवन निर्माण से पहले एमडीडीए की अनुमति अवश्य लें, ताकि कानूनी कार्रवाई और आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।




