- सकलाना के प्रसिद्ध नागराजा मंदिर परिसर में लगाए पौधे, लोगों से जन्मदिन, शादी और अन्य शुभ अवसरों पर एक-एक पौधा लगाने की अपील
थत्यूड़/सकलाना। जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए समाजसेवी अनिल हटवाल ने एक प्रेरणादायक पहल करते हुए अपने गांव के प्रसिद्ध नागराजा मंदिर परिसर में पौधारोपण किया। उन्होंने केक और औपचारिक समारोह की बजाय प्रकृति की सेवा को प्राथमिकता देते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
अनिल हटवाल ने कहा कि जीवन के हर खास अवसर—चाहे जन्मदिन हो, मुंडन संस्कार हो या विवाह—पर प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। इससे न केवल हरियाली बढ़ेगी, बल्कि उस पौधे के साथ भावनात्मक जुड़ाव भी बनेगा और वह जीवन की खूबसूरत यादों का प्रतीक बन जाएगा।
उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति यह प्रेरणा उन्हें प्रसिद्ध पर्यावरणविद डॉ. त्रिलोक चंद सोनी से मिली है, जो वर्षों से समाज को विशेष अवसरों पर वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करते आ रहे हैं। उनका मानना है कि यदि हर परिवार अपने शुभ अवसरों को पौधारोपण से जोड़े, तो पर्यावरण संरक्षण का एक बड़ा जनआंदोलन खड़ा किया जा सकता है।
इस अवसर पर जितेंद्र हटवाल, महेश, दीपक और सौरभ सहित कई ग्रामीणों ने भी पौधारोपण में सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।




