डीएम मयूर दीक्षित के निर्देश पर होटल-ढाबों में औचक निरीक्षण, नमूने जांच के लिए भेजे गए, मानकों का पालन अनिवार्य
हरिद्वार, 21 अप्रैल 2026।
चारधाम यात्रा के मद्देनजर श्रद्धालुओं को शुद्ध और गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपदभर में होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों पर लगातार छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है।
सहायक आयुक्त/जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड सचिन कुर्वे के निर्देशों के क्रम में टीमों द्वारा औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। इस दौरान खाद्य एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला भेजे गए।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद टम्टा ने नगर निगम क्षेत्र में विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच की। ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक वितरक से शीतल पेय (फैंटा) का नमूना लिया गया, जबकि आर्य नगर चौक के एक रेस्टोरेंट से खुली हल्दी और ज्वालापुर स्थित डेयरी से दूध का नमूना जांच के लिए भेजा गया। अभियान के तहत कुल 6 रेस्टोरेंट, 3 ढाबों, 2 वितरकों और 1 डेयरी का निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने सभी प्रतिष्ठानों को खाद्य लाइसेंस और फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। साथ ही कर्मचारियों की वर्दी, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, स्वच्छता व्यवस्था, कूड़ा निस्तारण, हाथ धोने की सुविधा और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
वहीं, रुड़की ग्रामीण क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव ने शहद के दो नमूने लेकर जांच के लिए भेजे। इसके अलावा अलकनंदा होटल में खाद्य कारोबारियों के लिए जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें करीब 25 व्यवसायियों को खाद्य सुरक्षा मानकों की जानकारी दी गई और फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड भी वितरित किए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की मिलावट या ओवररेटिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

