बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर होगी कड़ी कार्रवाई, दो ड्रोन जब्तश्रद्धालुओं की सुरक्षा और हेली सेवाओं के सुचारु संचालन के लिए नो-फ्लाइंग जोन घोषित
रुद्रप्रयाग, 21 अप्रैल।
विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाने से पहले प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया गया है।
प्रशासन ने धाम क्षेत्र में ड्रोन संचालन को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए इसे पूर्णतः नो-फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया है। बिना प्रशासन की पूर्व अनुमति (NOC) के किसी भी प्रकार का ड्रोन उड़ाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
जिला प्रशासन के अनुसार, यह कदम श्रद्धालुओं की सुरक्षा और हेली सेवाओं के सुरक्षित व निर्बाध संचालन को सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में मंगलवार को मंदिर परिसर के आसपास बिना अनुमति उड़ाए जा रहे दो ड्रोन को पुलिस ने जब्त कर लिया। प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सख्त चेतावनी जारी की है।
प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें और बिना अनुमति ड्रोन संचालन से परहेज करें, ताकि केदारनाथ यात्रा सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

