- जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर क्षेत्रवार निरीक्षण तेज, 26 शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई; बैकलॉग खत्म करने के लिए बढ़ाई जा रही आपूर्ति
देहरादून, 20 मार्च : जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने और उपभोक्ताओं को शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के अनुपालन में पूरे जिले में क्षेत्रवार क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) का गठन किया गया है।
गठित क्यूआरटी टीमों ने शुक्रवार को विभिन्न गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर एलपीजी गैस की मांग, आपूर्ति और वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एजेंसियों को पारदर्शी और समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
जिला प्रशासन द्वारा जारी कंट्रोल रूम नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 तथा व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर अब तक एलपीजी आपूर्ति से जुड़ी कुल 26 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इन शिकायतों पर जिला पूर्ति विभाग की ओर से त्वरित कार्रवाई की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, जिले में शुक्रवार को लगभग 24,459 घरेलू उपभोक्ताओं और 269 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई। वर्तमान में घरेलू गैस सिलेंडर का लगभग 93 हजार का बैकलॉग बना हुआ है, जबकि स्टॉक में 36,743 घरेलू और 1,592 व्यावसायिक सिलेंडर उपलब्ध हैं।
बैकलॉग की मुख्य वजह बीते दिनों तीन दिन तक बुकिंग सॉफ्टवेयर में आई तकनीकी समस्या रही, जिसके चलते मैन्युअल रजिस्टर के माध्यम से गैस वितरण किया गया। अब इन एंट्रियों को सॉफ्टवेयर में अपडेट किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू और व्यावसायिक दोनों श्रेणियों में गैस सिलेंडर की आपूर्ति लगातार बढ़ाई जा रही है, ताकि जल्द से जल्द बैकलॉग खत्म कर उपभोक्ताओं को नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

