मुख्यमंत्री आवास में विधि-विधान से की पूजा, बोले- प्रकृति, पशुधन और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है गोवर्धन पूजा का पर्व
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में गौ माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गौ माता को तिलक लगाया और पुष्पमाला पहनाकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं भी दीं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि गोवर्धन पूजा भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व प्रकृति, पशुधन और पर्यावरण के प्रति आस्था, सम्मान तथा कृतज्ञता का संदेश देता है। भारतीय संस्कृति में गौ माता का विशेष स्थान है और गौ संरक्षण एवं संवर्धन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न अंग रहा है।
प्रकृति के साथ सामंजस्य का संदेश देता है पर्व
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर जीवन जीने की प्रेरणा देती है। यह पर्व सभी जीवों के प्रति करुणा, संवेदनशीलता और सेवा भाव रखने का संदेश भी देता है।
उन्होंने कहा कि गौ सेवा और संरक्षण के साथ पर्यावरण तथा प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रकृति के प्रति सम्मान और जीवों के प्रति संवेदनशीलता अपनाकर ही बेहतर एवं समृद्ध भविष्य का निर्माण किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने तथा प्रकृति और पशुधन के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।


