- दीनदयाल उपाध्याय मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत चार दिवसीय धार्मिक यात्रा शुरू, बस, आवास और भोजन की निःशुल्क व्यवस्था
टिहरी गढ़वाल। दीनदयाल उपाध्याय मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत टिहरी जिले के घनसाली क्षेत्र से 36 वरिष्ठ श्रद्धालुओं का दल चार दिवसीय धार्मिक यात्रा पर कैंची धाम और जागेश्वर धाम के लिए रवाना हुआ। दल में 19 महिलाएं और 17 पुरुष शामिल हैं। ग्राम प्रधान भटवाड़ा सेमल्डीधार मनीषा भट्ट ने हरी झंडी दिखाकर श्रद्धालुओं के दल को रवाना किया।
बुजुर्गों को निःशुल्क तीर्थयात्रा का अवसर
जिला पर्यटन विकास अधिकारी सोबत सिंह राणा ने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालु कैंची धाम, जागेश्वर धाम और आसपास के विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे। यात्रा को सुगम और सुविधाजनक बनाने के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम की बस से निःशुल्क आवागमन की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही दल के साथ एक गाइड भी रहेगा, जो श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएगा।
श्रद्धालुओं के ठहरने और भोजन की व्यवस्था गढ़वाल मंडल विकास निगम तथा कुमाऊं मंडल विकास निगम की ओर से निःशुल्क की जाएगी। इस पहल से वरिष्ठ नागरिकों को बिना आर्थिक बोझ के प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करने का अवसर मिल रहा है।
इस वर्ष 150 से अधिक श्रद्धालु कर चुके हैं तीर्थयात्रा
जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने बताया कि चालू वर्ष में इस योजना के अंतर्गत अब तक 150 से अधिक श्रद्धालुओं को बदरीनाथ, गंगोत्री, रीठा मीठा साहिब, जागेश्वर, कालीमठ और गंगोलीहाट सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा कराई जा चुकी है।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष योजना
दीनदयाल उपाध्याय मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना का उद्देश्य 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों की निःशुल्क यात्रा का अवसर उपलब्ध कराना है। योजना के माध्यम से बुजुर्गों को धार्मिक पर्यटन से जोड़ने के साथ ही उनकी यात्रा को सुविधाजनक बनाने का प्रयास किया जा रहा है।


