- परेड ग्राउंड में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में 26 विभागीय स्टॉलों के माध्यम से लोगों को मिली योजनाओं की जानकारी; बेटियों की शादी के लिए छह परिवारों को 50-50 हजार रुपये की सहायता
देहरादून। सेवा संकल्प अभियान के तहत परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक प्रदान किए। शिविर में सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को विभागीय सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। इस दौरान लोगों को नशामुक्त भारत अभियान की शपथ भी दिलाई गई।
शिविर में विभिन्न विभागों के 26 स्टॉल लगाए गए थे, जहां पहुंचे लोगों ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा।
बेटियों की शादी के लिए छह परिवारों को 50-50 हजार रुपये
शिविर में समाज कल्याण विभाग की ओर से अनुसूचित जाति के व्यक्तियों की पुत्रियों के विवाह के लिए चार परिवारों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई। वहीं, सामान्य जाति की विधवा महिलाओं की पुत्रियों के विवाह के लिए दो परिवारों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मंजूर की गई।
इसके अतिरिक्त विभाग की ओर से वृद्धावस्था पेंशन के 22, विधवा पेंशन के छह और दिव्यांग पेंशन के दो लाभार्थियों की पेंशन ऑनलाइन स्वीकृत की गई। इस प्रकार कुल 30 लाभार्थियों की पेंशन स्वीकृत होने से पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने का रास्ता साफ हुआ।
एक ही छत के नीचे मिलीं विभिन्न विभागों की सेवाएं
कार्यक्रम में समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने कहा कि बहुउद्देशीय शिविरों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। स्वास्थ्य, राशन कार्ड, प्रमाण पत्र और समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों से संबंधित सेवाओं तथा जनसमस्याओं के समाधान के लिए ऐसे शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए प्रयासरत है।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में संयोजक डॉ. आदित्य कुमार, दायित्वधारी विश्वास डाबर, पुनीत मित्तल, श्याम अग्रवाल, बलजीत सोनी, अशोक वर्मा, मधु भट्ट, पूर्व दायित्वधारी रविंद्र कटारिया, उप नगर आयुक्त तनवीर मारवाह, भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, राहुल लारा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आशीष नागरथ, गोपाल पुरी, महानगर उपाध्यक्ष सुनील शर्मा, अंकुर जैन और राहुल शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।


