- थत्यूड़-ककड़ू मार्ग, अतिक्रमण, आवास और आपदा से जुड़े मामलों पर अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने पुनर्वास, प्रतिकर, सड़क, आपदा, अतिक्रमण, आवास और आर्थिक सहायता समेत विभिन्न समस्याओं से संबंधित 42 शिकायतें एवं मांग पत्र प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने अधिकांश मामलों का मौके पर ही संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता मिलन के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा भी की। उन्होंने लंबे समय से लंबित मामलों तथा अधिक संख्या में लंबित शिकायतों वाले विभागों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में महज औपचारिकता नहीं होनी चाहिए, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का समयबद्ध और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
थत्यूड़-ककड़ू मोटर मार्ग की समस्या भी पहुंची डीएम के सामने
थत्यूड़ क्षेत्र से पहुंचे सोमवारी लाल नौटियाल ने सिर्वा के समीप थत्यूड़-ककड़ू मोटर मार्ग पर पाइपलाइन बिछाने से यातायात प्रभावित होने और सड़क किनारे नाली का निर्माण नहीं होने से मार्ग संकरा होने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग थत्यूड़ और जल संस्थान को संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
देवलधार विद्यालय में सुविधाओं की मांग
नरेंद्रनगर विकासखंड के जाखचौरा निवासी चमन सिंह ने बताया कि राजीव गांधी आवासीय विद्यालय देवलधार में करीब 250 बच्चे अध्ययनरत हैं। विद्यालय में आपातकालीन चिकित्सा सुविधा और नेटवर्क की व्यवस्था नहीं होने के साथ ही विद्यालय को जोड़ने वाला मार्ग भी क्षतिग्रस्त है। जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को प्रकरण का परीक्षण करने तथा लोक निर्माण विभाग को सड़क का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर कार्रवाई के निर्देश
बोराड़ी निवासी मोहम्मद शहजाद ने दुकान के समीप बिना मानचित्र स्वीकृत कराए और मानकों के विपरीत निर्माण किए जाने की शिकायत की। डीएम ने एसडीएम टिहरी, नगर पालिका और संबंधित विभागों को संयुक्त निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने शहर के अन्य स्थानों पर भी अतिक्रमण चिह्नित कर कार्रवाई करने को कहा।
इसके अलावा ग्राम पंचायत मणगांव के प्रधान मुकेश चौहान ने अनुसूचित जाति बस्ती के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से ग्रामीणों को खतरा बताते हुए प्रभावित परिवारों को मुआवजा और सुरक्षित स्थान पर विस्थापित करने की मांग की। बसंत विहार निवासी राजवीर सिंह ने श्रमिक कार्ड बनवाने में आ रही दिक्कतों की शिकायत की। वहीं नई टिहरी में बंदरों के आतंक, आर्थिक सहायता और क्षतिग्रस्त सिंचाई नहर की मरम्मत से जुड़े मामले भी जनता मिलन में उठाए गए।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। नई शिकायतों के साथ पूर्व में प्राप्त और लंबित प्रकरणों की भी नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।


