- लीची बाग जनसुनवाई शिविर में सड़क, ट्रैफिक, पार्किंग, हरित क्षेत्र और आधारभूत सुविधाओं पर खुलकर बोले नागरिक, एमडीडीए ने कहा– हर सुझाव का होगा गंभीर परीक्षण
देहरादून। राजधानी देहरादून के भविष्य की तस्वीर तय करने वाली महायोजना-2041 को जनभावनाओं के अनुरूप बनाने के लिए मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) का जनसुनवाई अभियान लगातार लोगों का भरोसा जीत रहा है। अभियान के आठवें दिन लीची बाग स्थित जनसुनवाई शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, भू-स्वामी, व्यापारी, सामाजिक संगठन और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि पहुंचे तथा शहर के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव और आपत्तियां दर्ज कराईं।
शिविर के दौरान सड़क चौड़ीकरण, बढ़ते ट्रैफिक, पार्किंग संकट, जल निकासी व्यवस्था, हरित क्षेत्रों के संरक्षण, सार्वजनिक परिवहन और आधुनिक आधारभूत सुविधाओं को लेकर लोगों ने खुलकर अपनी राय रखी। एमडीडीए के अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों ने सभी सुझावों का गंभीरता से अभिलेखीकरण करते हुए भरोसा दिलाया कि प्रत्येक बिंदु का तकनीकी और विधिक स्तर पर परीक्षण किया जाएगा।
एमडीडीए के अनुसार महायोजना-2041 का उद्देश्य केवल भूमि उपयोग तय करना नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों के लिए देहरादून के संतुलित, सुव्यवस्थित और पर्यावरण-अनुकूल विकास की मजबूत रूपरेखा तैयार करना है। इसी सोच के साथ प्राधिकरण शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर सीधे जनता से संवाद कर रहा है।
जनसुनवाई के दौरान कई नागरिकों ने पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों के लिए सुरक्षित मार्ग विकसित करने, खुले एवं हरित क्षेत्रों को संरक्षित रखने और अनियंत्रित शहरीकरण के बीच पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। वहीं भू-स्वामियों और विभिन्न संस्थाओं ने भूमि उपयोग, विकास नियंत्रण नियमों और स्थानीय जरूरतों से जुड़े कई अहम सुझाव भी दिए।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि “महायोजना-2041 केवल एक तकनीकी दस्तावेज नहीं, बल्कि देहरादून के भविष्य की विकास दृष्टि है। नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आधुनिक शहर का निर्माण संभव होगा।”
वहीं एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त हर सुझाव और आपत्ति का विशेषज्ञों द्वारा गंभीर परीक्षण किया जाएगा, ताकि विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाते हुए जनहित में प्रभावी महायोजना तैयार की जा सके।
प्राधिकरण ने बताया कि जनसुनवाई एवं जनसंवाद अभियान 21 जुलाई तक शहर के विभिन्न सेक्टरों में जारी रहेगा और अधिक से अधिक नागरिकों से इसमें भाग लेकर अपने सुझाव देने की अपील की गई है।




