- एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में चला सघन अभियान, किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन न कराने वालों पर पुलिस की कड़ी कार्रवाई
टिहरी गढ़वाल। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए टिहरी पुलिस का सघन सत्यापन अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत बीते तीन दिनों में पुलिस ने सत्यापन नियमों की अनदेखी करने वाले 36 मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन पर साढ़े तीन लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया है।
एसएसपी के निर्देश पर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) के साथ संयुक्त रूप से व्यापक सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना कीर्तिनगर, मुनि की रेती, नई टिहरी, छाम, थत्यूड़ और हिंडोलाखाल क्षेत्र में पुलिस एवं एलआईयू की संयुक्त टीमों ने होटल, गेस्ट हाउस, ढाबों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और किराये के मकानों में सघन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान कई ऐसे मामले सामने आए, जहां मकान मालिकों और प्रतिष्ठान संचालकों ने अपने यहां रह रहे किरायेदारों एवं कार्यरत कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन नहीं कराया था। पुलिस ने ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित लोगों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने होटल-गेस्ट हाउस संचालकों, व्यापारियों और आम नागरिकों को भी जागरूक किया। उन्हें अपने यहां रहने वाले किरायेदारों, घरेलू सहायकों एवं कर्मचारियों का समयबद्ध पुलिस सत्यापन कराने की सलाह दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सत्यापन न कराना कानूनन दंडनीय है और इससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
टिहरी पुलिस ने जनपद के सभी मकान मालिकों, होटल-गेस्ट हाउस संचालकों एवं प्रतिष्ठान स्वामियों से अपील की है कि वे अपने यहां निवासरत अथवा कार्यरत बाहरी व्यक्तियों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराएं। पुलिस का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

