- डीएम आशीष भटगांई ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर अधिकारियों की ली बड़ी बैठक, कम्पैक्टर संचालन और लीगेसी वेस्ट निस्तारण पर सख्त निर्देश
पिथौरागढ़, 20 मई: जनपद को स्वच्छ और डम्पसाइट मुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कई अहम फैसले लिए गए।
जिलाधिकारी ने साफ कहा कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट (SWM) नियमों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बल्क वेस्ट जनरेटर्स (BWGs) द्वारा नियमों का पालन न करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर बड़े होटल और संस्थानों के जल एवं विद्युत कनेक्शन तक काटे जा सकते हैं।
बैठक में परियोजना निदेशक आशीष पुनेठा को विशेष प्रकोष्ठ गठित करने के निर्देश दिए गए। यह टीम डम्प साइट्स की नियमित मॉनिटरिंग करेगी और हर 15 दिन में निरीक्षण रिपोर्ट फोटो सहित जिलाधिकारी कार्यालय को सौंपेगी।
डीएम ने जिला पंचायत को जनपद में लगाए गए कम्पैक्टर मशीनों की विस्तृत रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराने और सभी कम्पैक्टरों को शीघ्र संचालन में लाने के निर्देश दिए।
वन क्षेत्रों में बढ़ते कूड़ा निस्तारण के मुद्दे पर भी जिलाधिकारी ने चिंता जताई। वन विभाग समेत संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि जहां अतिरिक्त बजट की आवश्यकता हो, वहां शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजे जाएं।
बैठक में नगरीय क्षेत्रों को “डम्पसाइट शून्य” बनाने, लीगेसी वेस्ट का पूर्ण निस्तारण करने तथा प्रत्येक वार्ड में “रिड्यूस-रीयूज़-रिसायकल” केन्द्र स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में डीपीआरओ हरीश आर्या सहित सभी उपजिलाधिकारी, अधिशासी अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

