Ad image

पिथौरागढ़ में उद्योगों को रफ्तार देने की पहल, डीएम आशीष भटगांई की अध्यक्षता में ‘उद्योग मित्र’ बैठक सम्पन्न

Pahad Vaarta
2 Min Read
  • एमएसएमई योजनाओं की समीक्षा, उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सिंगल विंडो सिस्टम को मजबूत बनाने के निर्देश

📍 पिथौरागढ़ | 23 अप्रैल 2026

जनपद में औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में ‘उद्योग मित्र’ बैठक आयोजित की गई। बैठक में निवेश बढ़ाने, उद्यमियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक के दौरान एमएसएमई नीति-2015 के तहत संचालित योजनाओं की गहन समीक्षा की गई। साथ ही, सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की स्थिति पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि उद्योग स्थापित करने के इच्छुक उद्यमियों को समयबद्ध रूप से सभी आवश्यक स्वीकृतियां उपलब्ध कराई जाएं।

डीएम भटगांई ने स्पष्ट कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का पारदर्शी और शीघ्र समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए उद्योगों के अनुकूल माहौल तैयार करने के निर्देश दिए।

बैठक में वित्तीय सहायता से जुड़े मामलों पर भी विचार किया गया। 10 प्रतिशत ब्याज अनुदान से संबंधित 9 मामलों और 100/75 प्रतिशत विद्युत अनुदान से जुड़े 3 मामलों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अलावा, सिंगल विंडो सिस्टम के तहत प्राप्त 6 आवेदनों पर स्वीकृति को लेकर चर्चा हुई।

एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव के तहत जॉय लाटेश्वर बाबा सहकारिता समिति को कुटीर उद्योग संचालन के लिए उद्योग विभाग का भवन उपलब्ध कराने पर भी विचार किया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में उद्योगों की स्थापना से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

बैठक में महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र कविता भगत, डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रशांत कौशिक, सहायक श्रम आयुक्त सुनील तिवारी, जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार, जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति आर्या सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और उद्यमी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment