- कृषि मंत्री गणेश जोशी का मोरी में भव्य स्वागत, कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
- जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प – गणेश जोशी
उत्तरकाशी/मोरी, 31 मई। राज्य के कृषि मंत्री गणेश जोशी के उत्तरकाशी जनपद आगमन पर मोरी क्षेत्र में कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने उनका पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं पुष्पमालाओं से जोरदार स्वागत किया। यह अवसर उत्सव में तब्दील हो गया जब मंत्री जोशी जनपद भ्रमण के अंतर्गत पुरोला और मोरी पहुंचे। ग्रामीणों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर उनका अभिनंदन किया।
मंत्री जोशी ने मोरी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से निष्ठा और समर्पण के साथ जनसेवा करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में स्थानीय विधायक दुर्गेश्वर लाल, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र सिंह चौहान समेत कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस जनसंपर्क और संवाद कार्यक्रम को कार्यकर्ताओं ने काफी उत्साहपूर्वक लिया और मंत्री के संबोधन से प्रेरणा प्राप्त की।