- जौनसार-बावर की धार्मिक परंपराओं और लोक संस्कृति के दिखे रंग; ढोल-दमाऊ की थाप पर झूमे लोग, भव्य खेलकूद प्रतियोगिताओं में भी हुए शामिल
देहरादून/सिमोग, 20 अक्टूबर। जौनसार-बावर क्षेत्र के सिमोग में दशहरा पर्व धार्मिक आस्था, पारंपरिक संस्कृति और उत्साह के साथ मनाया गया। प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज मंगलवार को सिमोग पहुंचे और आराध्य देव शिलगुर विजट महाराज के दर्शन कर मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने दशहरा पर्व के अवसर पर आयोजित धार्मिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का आयोजन टौंस वैली युवा विकास समिति, ग्राम कोटी, खत विशायल की ओर से किया गया। इस दौरान क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक रीति-रिवाजों की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में शामिल लोगों में पर्व को लेकर खासा उत्साह नजर आया।
विजयादशमी पर शिरगुल महाराज के आगमन का विशेष महत्व
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने प्रदेशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस वर्ष विजयादशमी का विशेष धार्मिक महत्व है। उन्होंने कहा कि सिरमौर और शिमला जिलों की सीमा पर स्थित सराहां और चूड़धार क्षेत्र से आराध्य देव शिरगुल महाराज का विजयादशमी के अवसर पर जौनसार-बावर के सिमोग पहुंचना श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का विषय है।
उन्होंने कहा कि शिलगुर विजट महाराज के दर्शन के लिए उत्तराखंड के साथ हिमाचल प्रदेश और आसपास के राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। यह आयोजन क्षेत्र की धार्मिक मान्यताओं और सदियों पुरानी परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
ढोल-दमाऊ की थाप पर दिखी जौनसारी संस्कृति की झलक
दशहरा समारोह में जौनसार-बावर की लोक संस्कृति और पारंपरिक वेशभूषा आकर्षण का केंद्र रही। स्थानीय लोगों ने पारंपरिक परिधानों में सजकर ढोल-दमाऊ की थाप पर लोक नृत्य प्रस्तुत किए। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेलकूद प्रतियोगिताओं ने आयोजन को विशेष बना दिया।
सतपाल महाराज ने इसके बाद कालसी क्षेत्र स्थित जमुना कृष्णधाम हरिपुर पहुंचकर मां यमुना की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।
ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर भीम सिंह चौहान, जबर सिंह नेगी, डॉ. श्याम कुंवर, शांति चौहान, अमित नेगी, गीता राम शर्मा, संत राम चौहान, सूरत सिंह चौहान, केशर सिंह चौहान और बीर सिंह चौहान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


