- कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा और सुबोध उनियाल ने किया खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ, कबड्डी से लेकर फुटबॉल और मैराथन तक दिखेगा खिलाड़ियों का दम
नरेंद्रनगर (टिहरी गढ़वाल)। ऐतिहासिक 50वें मां श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में खेल प्रतियोगिताओं का आगाज हो गया है। सोमवार को मेले के दूसरे दिन मुख्य बाजार स्थित खेल मैदान में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा और मेला संरक्षक एवं कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया। इस दौरान महिला एवं पुरुष वर्ग की वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं के मुकाबले शुरू हुए। मेले में इस बार खिलाड़ियों के लिए आकर्षक पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। पुरुष और महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता में विजेता टीम को 1 लाख 1 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
खेल प्रतियोगिताओं के शुभारंभ अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
वहीं, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि कुंजापुरी मेला क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान कर रहा है। इस वर्ष खेल प्रतियोगिताओं को और भव्य स्वरूप दिया गया है, ताकि स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।
इससे पहले खेल समिति के अध्यक्ष साकेत बिजल्वाण ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का माल्यार्पण कर और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। मंत्रियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और वॉलीबॉल को सर्विस कर मुकाबलों का शुभारंभ किया। इस दौरान खेल मैदान में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
खेल समिति के अध्यक्ष साकेत बिजल्वाण ने बताया कि महिला एवं पुरुष वॉलीबॉल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 1 लाख 1 हजार रुपये के साथ 15 हजार रुपये किराया भत्ता दिया जाएगा। द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 51 हजार रुपये और 15 हजार रुपये किराया भत्ता मिलेगा। तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 10 हजार रुपये यात्रा भत्ता दिया जाएगा।
महिला एवं पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता में विजेता टीम को 21 हजार रुपये और 4 हजार रुपये किराया भत्ता दिया जाएगा। उपविजेता टीम को 15 हजार रुपये तथा 4 हजार रुपये किराया भत्ता मिलेगा। तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 4 हजार रुपये यात्रा भत्ता दिया जाएगा।
पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 21 हजार रुपये और द्वितीय पुरस्कार 11 हजार रुपये निर्धारित किया गया है।
मेले के अंतर्गत आयोजित होने वाली मैराथन दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 11 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वाले को 8 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 5 हजार रुपये दिए जाएंगे।
कैरम प्रतियोगिता के युगल वर्ग में प्रथम पुरस्कार 15 हजार रुपये और द्वितीय पुरस्कार 6 हजार रुपये रखा गया है। वहीं, एकल वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 5,100 रुपये और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 3,100 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। कैरम प्रतियोगिता के आयोजन में स्थानीय सभासद रवि नेगी सहयोग कर रहे हैं।
खेल समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, मेले के आगामी दिनों में वॉलीबॉल के साथ ओपन कबड्डी, फुटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, शतरंज, कैरम और राइफल शूटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा मैराथन दौड़ तथा विद्यालयी स्तर की विभिन्न खेल एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं भी होंगी।
इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से स्थानीय युवाओं और विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
मेले के प्रथम दिवस आयोजित सांस्कृतिक संध्या में उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नरेंद्रनगर के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में देर रात तक लोकगीतों की धूम रही।
पद्मश्री डॉ. बसंती बिष्ट ने पारंपरिक जागर गायन के माध्यम से मां नंदा देवी और स्थानीय देवी-देवताओं की महिमा का गुणगान किया। लोक गायक किशन महिपाल ने ‘फ्योंलड़िया’, ‘रानीखेता रामधोला’ और ‘घुघुती’ जैसे गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
लोक गायिका मीना राणा ने ‘मेरा डांडी-कांठियों का मुल्क’ और ‘पाल्या गांव का मोहना’ जैसे लोकप्रिय गीत प्रस्तुत किए। वहीं, संगीता ढौंडियाल ने ‘ढोल दमाऊ बाजी गेना’ और ‘देवी कुंजापुरी मैया’ जैसे गीतों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की छटा बिखेरी।
कार्यक्रम में मेला समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।


