- धनौल्टी में निबंध तो लगडासू में हुई चित्रकला प्रतियोगिता, वन विभाग ने विद्यार्थियों को मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व का पढ़ाया पाठ
थत्यूड़। वन्य प्राणी सुरक्षा सप्ताह के तहत वन्यजीव संरक्षण और मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व को लेकर विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को जौनपुर रेंज के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय धनौल्टी में “वन्य प्राणी सुरक्षा एवं संरक्षण” विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने अपने निबंधों के माध्यम से वन्यजीवों के संरक्षण, प्राकृतिक आवास की सुरक्षा और मानव-वन्यजीवों के बीच संतुलित सह-अस्तित्व की जरूरत को सामने रखा।
इसी क्रम में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लगडासू में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा के जरिए वन्यजीव संरक्षण, वन एवं पर्यावरण सुरक्षा और जैव विविधता के महत्व को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया।
वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील व्यवहार की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान वन विभाग के कार्मिकों ने विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील व्यवहार, प्राकृतिक आवास की सुरक्षा और बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम के संबंध में जानकारी दी। विद्यार्थियों से वन्यजीवों के प्रति सहानुभूति और जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के साथ ही वन एवं वन्यजीव संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर वन विभाग की ओर से प्रमोद प्रसाद बंगवाल, सुशील प्रसाद, नीलकंठ पोखरियाल, जयवीर रांगड़ और राजेश थापा सहित अन्य कार्मिक मौजूद रहे।
वन विभाग के नीलकंठ पोखरियाल ने बताया कि वन्य प्राणी सप्ताह के दौरान जौनपुर रेंज के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों के साथ-साथ स्थानीय समुदाय को भी वन्यजीव संरक्षण और मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व के प्रति जागरूक करना है।

