- ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में 169 ग्रामीणों ने लिया हिस्सा, 30 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण; विधायक किशोर उपाध्याय ने गिनाईं जनकल्याणकारी योजनाएं
जाखणीधार। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड जाखणीधार के राजकीय इंटर कॉलेज बड़कोट में दो दिवसीय बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में क्षेत्र के 169 लोगों ने प्रतिभाग किया, जबकि विभिन्न विभागों से संबंधित 17 शिकायतें एवं समस्याएं प्राप्त हुईं, जिनका मौके पर ही निस्तारण किया गया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। इस दौरान 30 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवाएं वितरित की गईं। साथ ही मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट का वितरण भी किया गया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देना है। उन्होंने रोजगार, स्वरोजगार, आवास, सामाजिक सुरक्षा, पोषण और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी।
विधायक ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आजीविका संवर्धन, प्रधानमंत्री आवास योजना, ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वरोजगार और पलायन रोकथाम सहित कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों से पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ लेने और इसकी जानकारी अन्य लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि बहुउद्देशीय शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके क्षेत्र में ही विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना और समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्र पंचायत प्रमुख जाखणीधार राजेश नौटियाल ने की। इस अवसर पर ज्येष्ठ प्रमुख त्रिलोक बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य शकुंतला पंवार, सीएमओ डॉ. राम प्रकाश, खंड विकास अधिकारी रोशन लाल, सहायक खंड विकास अधिकारी दिग्विजय सिंह समेत राजकीय इंटर कॉलेज के कार्मिक, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

