Ad image

हरियाणा के युवाओं को भाया उत्तराखंड, बोले- देवभूमि की खूबसूरती और अपनापन किया मंत्रमुग्ध

Pahad Vaarta
5 Min Read
  • कनेक्टिविटी, होम-स्टे, पर्यटन और सौर ऊर्जा के विकास को सराहा; सीएम धामी ने कहा- उत्तराखंड के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर बनकर देशभर तक पहुंचाएं सकारात्मक अनुभव

देहरादून। तीन दिवसीय उत्तराखंड भ्रमण पर आए हरियाणा के युवाओं ने शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात कर देवभूमि में अपने अनुभव साझा किए। युवाओं ने उत्तराखंड की बेहतर होती कनेक्टिविटी, पर्यटन विकास, होम-स्टे, सौर ऊर्जा, सीमांत क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना की।

युवाओं ने कहा कि तीन दिनों के भ्रमण के दौरान उन्हें उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों को करीब से देखने और स्थानीय लोगों के जीवन में सरकारी योजनाओं से आ रहे बदलावों को समझने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि अधिकांश भूभाग पर्वतीय होने के बावजूद सड़क और डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में राज्य में उल्लेखनीय काम हुआ है। रेलवे नेटवर्क के विस्तार की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।

स्वच्छ वातावरण और होम-स्टे ने किया प्रभावित

हरियाणा के युवाओं ने उत्तराखंड के स्वच्छ वातावरण और बेहतर वायु गुणवत्ता की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि होम-स्टे को बढ़ावा देने से स्थानीय लोगों को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के प्रयास भी धरातल पर दिखाई दे रहे हैं।

युवाओं ने कहा कि तीर्थाटन और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं का सकारात्मक असर दिखाई दे रहा है। बेहतर कनेक्टिविटी के कारण श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में भी वृद्धि हो रही है। उन्होंने सोलर रूफटॉप योजना को भी पर्वतीय राज्य उत्तराखंड की परिस्थितियों के लिहाज से उपयोगी पहल बताया।

‘देवभूमि क्यों कहलाता है उत्तराखंड’, युवाओं ने बताया अनुभव

युवाओं ने कहा कि उत्तराखंड का शांत वातावरण और स्थानीय लोगों का आत्मीय व्यवहार उन्हें खास तौर पर प्रभावित कर गया। उन्होंने कहा कि यहां आकर उन्हें वास्तविक रूप से महसूस हुआ कि उत्तराखंड को देवभूमि क्यों कहा जाता है। भ्रमण के दौरान उन्हें स्थानीय लोगों से हर जगह अपनापन और सहयोग मिला।

सीएम धामी बोले- युवा बनें उत्तराखंड के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि ‘अतिथि देवो भवः’ देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि अंतरराज्यीय युवा भ्रमण कार्यक्रमों से युवाओं को देश की सांस्कृतिक विविधता, विभिन्न राज्यों में हो रहे नवाचारों और विकास की कार्यप्रणालियों को समझने का अवसर मिलता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। गरीबों, महिलाओं, युवाओं, किसानों सहित समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं। युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के साथ सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने के लिए भी प्रभावी कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले करीब पांच वर्षों में लगभग 35 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई है।

विकास के साथ विरासत संरक्षण पर जोर

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड विकास और विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। समान नागरिक संहिता लागू करने के साथ महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, पर्यटन, स्थानीय उत्पादों, होम-स्टे, सौर ऊर्जा और सीमांत क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने हरियाणा के युवाओं से अपील की कि उत्तराखंड में तीन दिनों के दौरान उन्होंने जो देखा और महसूस किया है, उसे अपने मित्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि आप उत्तराखंड के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति, पर्यटन, तीर्थाटन, स्थानीय उत्पाद, होम-स्टे, मिलेट्स, हस्तशिल्प और महिला स्वयं सहायता समूहों की सफलता की कहानियों को देश के अन्य हिस्सों तक पहुंचाने में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच इस तरह का संवाद देश की विविधता को समझने और एक-दूसरे से सीखने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने युवाओं से हरियाणा में उत्तराखंड के अपने सकारात्मक अनुभव साझा करने और दोनों राज्यों के बीच संस्कृति, पर्यटन, नवाचार एवं बेहतर कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

Share This Article
Leave a Comment