- बिना स्वीकृत मानचित्र हो रहे निर्माणों पर चली कार्रवाई, उपाध्यक्ष बोले- नियम तोड़ने वालों पर आगे भी जारी रहेगा सख्त अभियान।
देहरादून, 27 जुलाई। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए सोमवार को देहरादून और ऋषिकेश में दो अवैध निर्माणों को सील कर दिया। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि बिना स्वीकृत मानचित्र और आवश्यक अनुमति के किए जा रहे किसी भी निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एमडीडीए की प्रवर्तन टीम ने सबसे पहले लेखक गांव-थानों मार्ग, देहरादून में नरेश शर्मा द्वारा किए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण को सील किया। जांच में पाया गया कि निर्माण बिना प्राधिकरण की अनुमति के किया जा रहा था। इसके बाद टीम ने भरत विहार, ऋषिकेश में भी बिना स्वीकृति के बन रहे निर्माण पर कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया।
प्राधिकरण का कहना है कि अवैध निर्माण मास्टर प्लान और भवन निर्माण मानकों का उल्लंघन करने के साथ-साथ भविष्य में यातायात, सुरक्षा और शहरी व्यवस्थाओं के लिए भी खतरा बनते हैं। इसी कारण नियमित निरीक्षण कर ऐसे निर्माणों पर कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, अवर अभियंता विक्रम सिंह, जयदीप, मनीष नौटियाल (सुपरवाइजर) तथा पुलिस बल मौजूद रहा।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं सचिव मोहन सिंह बर्निया ने लोगों से भवन निर्माण शुरू करने से पहले सभी आवश्यक स्वीकृतियां लेने की अपील की।




