- सहसपुर के जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार शिविर में महिला की फरियाद पर मुख्यमंत्री ने लिया तत्काल संज्ञान, शाम तक प्रशासन ने उपलब्ध कराई सिलाई मशीन
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई का एक उदाहरण सहसपुर में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ बहुउद्देशीय शिविर में देखने को मिला। शिविर में स्थानीय निवासी श्रीमती बबली गुप्ता ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर जूट बैग बनाकर स्वरोजगार शुरू करने की इच्छा जताई और इसके लिए सिलाई मशीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने महिला की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी के समन्वय से शाम तक ही बबली गुप्ता को सिलाई मशीन उपलब्ध करा दी गई।
सिलाई मशीन मिलने के बाद बबली गुप्ता ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की त्वरित पहल से उनके स्वरोजगार का सपना साकार होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा है। अब वह जूट बैग तैयार कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगी।




