- फोटो और लोकेशन के साथ सोशल मीडिया पर करें शिकायत टैग, कूड़ा उठान व निस्तारण की होगी माइक्रो मॉनिटरिंग
देहरादून। जनपद में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने नगर निगम, नगर निकायों और कैंटोन्मेंट बोर्डों को कूड़ा प्रबंधन के लिए शॉर्ट टर्म और लॉन्ग टर्म कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कूड़ा उठान और निस्तारण कार्यों की माइक्रो स्तर पर निगरानी की जाएगी तथा अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होगी।
एनआईसी सभागार से आयोजित वर्चुअल समीक्षा बैठक में डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि जमीनी स्तर पर जाकर व्यवस्थाओं का आकलन करें और स्थायी समाधान तैयार करें। उन्होंने नियमित रूप से कूड़ा डंप होने वाले स्थानों को चिन्हित कर प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश भी दिए।
डीएम ने जनपदवासियों से भी स्वच्छता अभियान में सहभागी बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्ट्रीट लाइट, यातायात सिग्नल, साइन बोर्ड, सड़क, नाली, कूड़ा एवं अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं की फोटो, लोकेशन और विवरण के साथ डीआईपीआर देहरादून के फेसबुक एवं इंस्टाग्राम पेज पर टैग करें। प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, उप जिलाधिकारी डोईवाला अपर्णा ढोंडियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

